3695 पोलिंग पार्टियां आज होंगी रवाना, आगरा लोकसभा की दोनों सीटों पर कल होगा मतदान

जनपद आगरा में लोकसभा की दोनों सीटों के लिए कल मतदान शुरू होगा। इसके लिए मतदान केंद्रों पर सुरक्षा बलों की तैनाती की जा रही है। वहीं सोमवार यानी आज मंडी समिति से पोलिंग पार्टियों मतदान केंद्रों के लिए रवाना की जाएंगी, मतदान के लिए प्रशासन की ओर से मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतेजामत किए गए हैं। 3695 बूथों पर आगरा और फतेहपुर सीकरी लोकसभा क्षेत्र में मतदान होगा। जिसमें 35 लाख 51 हजार मतदाता मतदान करेंगे। इसके लिए 18 हजार कर्मचारियों की मतदान के लिए ड्यूटी लगाई गई है।

आगरा लोकसभा सीट और फतेहपुर सीकरी लोकसभा सीट पर मंगलवार को प्रातः 7 बजे से मतदान प्रक्रिया शुरू हो जाएगी, वहीं शाम 6 बजे तक मतदाता मतदान कर सकेंगे। मतदान को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराए जाने के लिए पुलिस प्रशासन के द्वारा सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सभी पोलिंग बूथों पर केंद्रीय अर्धसैनिक के साथ साथ पुलिस की तैनाती की जाएगी।

जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी भानु चंद गोस्वामी ने बताया है, कि सुरक्षा की दृष्टि से तैयारियों को लगभग अंतिम रूप दिया जा चुका है। आगरा लोकसभा की सुरक्षित सीट के लिए शाहदरा चुंगी स्थित नवीन गल्ला मंडी पर स्ट्रांग रूम बनाए गए हैं। वहीं खेरागढ़ स्थित मंडी समिति पर स्ट्रांग रूम बनाए गए हैं। और आज (सोमवार) पोलिंग पार्टियों को रवाना कर दिया जाएगा, जनपद में भीषण गर्मी को देखते हुए मतदान केंद्रों पर पानी व पेय पदार्थों के इंतजाम किए गए हैं।

शाहदरा स्थित नवीन गल्ला मंडी पर स्ट्रांग रूम बनाए गए हैं। जिनकी त्रिस्तरीय घेरे के साथ सुरक्षा की जाएगी जिसमें आगरा कैंट, आगरा उत्तर, आगरा दक्षिण, एत्मादपुर विधानसभा क्षेत्र पर स्ट्रांग रूम बनाए गए हैं। वही मंडी समिति खेरागढ़ पर आगरा ग्रामीण, फतेहाबाद, खेरागढ़ एवं फतेहपुर सीकरी, बाह विधानसभा क्षेत्रों पर स्ट्रांग रूम बनाए गए हैं। सभी विधानसभा क्षेत्र के स्ट्रांग रूम पर तीन लेयर की सिक्योरिटी लगाई गई है, जिसमें पहले केंद्रीय अर्ध सैनिक बल फिर पीएसी फिर पुलिस की तैनाती की गई है। दोनों ही मंडियों पर 35–35 सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए हैं। और ड्रोन के द्वारा निगरानी की जाएगी, वहीं 200 मीटर के दायरे में किसी को आने जाने की अनुमति नहीं है। और प्रत्याशियों के लिए भी पंडाल लगाए गए हैं, जहां से वह नजर रख सकेंगे।

लोकसभा चुनाव को लेकर स्वास्थ्य विभाग के द्वारा भी इंतजाम किए गए हैं, जिसमें 30 QRT (क्विक रिस्पांस टीम) गठित की गई है। सीएमओ अरुण कुमार श्रीवास्तव ने बताया है कि शाहदरा स्थित नवीन गल्ला मंडी व खेरागढ़ की मंडी पर दो-दो बेड के वार्ड बनाए गए हैं। आगरा सीट के लिए नवीन गल्ला मंडी पर स्ट्रांग रूम बनाया गया है जिसमें दो चिकित्सकों के साथ पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती की गई है। इसी के साथ एपेक्स हॉस्पिटल में 10 बेड का अलग से वार्ड बनाया गया है। जिसमें पैरामेडिकल स्टाफ के साथ-साथ एंबुलेंस उपलब्ध रहेंगी। ऐसे ही फतेहपुर सीकरी लोकसभा सीट के लिए खेरागढ़ की मंडी पर दो बेड का वार्ड बनाया गया है, जिसमें चिकित्सकों के साथ पैरामेडिकल स्टाफ मौजूद रहेगा वही खेरागढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर अलग से 10 बेड का वार्ड बनाया गया है।

एसीपी ट्रैफिक सैयद अरीब अहमद ने बताया है कि डाइवर्ट पॉइंट पर यातायात पुलिस की तैनाती की गई है, और सोमवार सुबह 5 बजे से डायवर्सन लागू कर दिया जाएगा।